नवरात्र / दुर्गा पूजन पर्व

(दुर्गा आराधना, सुख-शांति, धन-वैभव और यह-वैभव के लिए)

Navratri Parv Ka Mahatva Aur Kyon Manaya Jata Hai
Navratri Parv Ka Mahatva Aur Kyon Manaya Jata Hai

नवरात्र / दुर्गा पूजन पर्व का माहात्म्य

नवरात्र का पर्व वर्ष में दो बार मनाने का विधान है। पहला चैत्र शुक्‍ल प्रतिपदा से नवमी तक मनाए जाने वाले नवरात्र को वासंतिक और आश्विन शुक्‍ल प्रतिपदा में नवमी तक मनाए जाने वाले दूसरे नवरात्र को शारदीय नवरात्र कहा जाता है। शास्‍त्रों के अनुसार शारदीय नवरात्र का ज्‍यादा महत्व बताया गया है। नवरात्र के नौ दिनों में देवी भगवती के नौ रूप-शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्‍मांडा, स्कंदमाता, कात्‍यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री की पूजा आराधना करने का विधान है। पुराण में कहा गया है कि- नवरात्रि के व्रत महासिद्धि देने वाले, सभी शत्रुओं का दमन करने वाले, सब कार्यों को पूरा करने वाले, यश, धन-धान्‍य, राज्‍य, संतान एवं संपत्ति देने वाले व्रत हैं।

नवरात्र / दुर्गा पूजन पर्व की पूजन विधि-विधान

व्रतियों को चाहिए कि नवरात्रि के पहले दिन प्रात:काल उठकर स्‍नान आदि करके मंदिर में जाकर माता के दर्शन कर पूजा करें या फिर घर पर ही माता की चौकी स्‍थापित करें। नवरात्रि व्रत के पहले संकल्‍प लें तथा फिर घट की स्‍थापना कर गणपति पूजन करना चाहिए। फिर पृथ्‍वी का पूजन करके घड़े में आम के हरे पत्ते, दूब, पंचामूल, पंचगव्‍य डालकर उसके मुंह में सूत्र बांधना चाहिए। नौ दिन दूध, दीप और फूल से पूजन करना चाहिए। घट के पास गेहूं अथवा जौ का पात्र रखकर वरूण पूजन करके मां भगवती का आह्वान करना चाहिए।

नवमी तिथि के दिन विधिपूर्वक मां भगवती का पूजन तथा दुर्गा सप्‍तशती का पाठ करके कुमारी पूजन का भी माहात्‍म्‍य है। कुमारियों की आयु 1 वर्ष से 10 वर्ष के बीच ही होनी चाहिए। कन्‍याओं का पूजन वैदिक विधान से करना चाहिए। नवदुर्गा पाठ हवन करके ब्राह्मणों को भोजन कराना चाहिए।

नवरात्र / दुर्गा पूजन पर्व का पौराणिक संदर्भ

इस कथा का श्रीमार्कण्‍डेय पुराण में इस प्रकार वर्णन किया गया है कि – एक बार दैत्‍य गुरु शुक्राचार्य के कहने पर दैत्‍यों ने घोर तपस्‍या कर ब्रह्माजी को प्रसन्‍न किया और वर मांगा कि उन्‍हें कोई पुरुष, जानवर और शत्रु न मार सके। ब्रह्माजी द्वारा वरदान मिलते ही असुरों ने अत्‍याचार करना शुरु कर दिया। महिषासुर नामक दैत्‍य ने देवताओं को अत्‍यधिक पीडि़त, आतंकित करना शुरू कर दिया। घबराकर देवराज इंद्र के नेतृत्‍व में देवताओं ने ब्रह्मा जी के पास जाकर अपनी रक्षा की गुहार लगाई।

तब देवताओं की रक्षा के लिए ब्रह्माजी ने वरदान का भेद बताते हुए कहा कि असुरों का सर्वनाश कोई स्त्री-शक्ति ही कर सकती है। ब्रह्माजी की सलाह से देवताओं ने अपनी-अपनी शक्तियां सम्मिलित कर एक अदम्‍य शक्ति रूपी देवी का सृजन किया। इस देवी ने महिषासुर के साथ भयानक युद्ध किया और दसवें दिन उसे मारने में सफल हुई। जब तक देवी महिषासुर से युद्ध करती रही तब तक सभी देवी-देवताओं और धरती के स्‍त्री-पुरुषों ने उस शक्तिस्‍वरुपा, सिंहवाहिनी की पूजा की। महिषासुर के वध से प्रसन्‍न होकर कन्‍याओं को खिला-पिलाकर, दान-दक्षिणा देने की परंपरा चल पड़ी, जिसका निर्वाह आज भी नवरात्रों में किया जाता है।

चूंकि देवी ने रौद्र रूप धारण कर असुर संहार किया था, इसीलिए शारदीय नवरात्र को शक्ति पर्व के रूप में मनाया जाता है। इसी प्रकार चैत्र शुक्‍ल प्रतिपदा से नौ दिन तक देवों के आह्वान पर असुरों के संहार के लिए माता पार्वती ने भी नौ रूप उत्पन्न किए। यह सब चैत्र मास में नौ दिन तक घटा था। इसलिए चैत्र मास में भी नवरात्र मनाए जाते हैं।

यह भी पढ़ें:- होलिकोत्‍सव त्‍यौहार पर्व की पूजन विधि-विधान, माहात्‍म्‍य एवं संदर्भ

महाशिवरात्रि व्रत का माहात्‍म्‍य एवं पूजन विधि-विधान

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *