सबसे बड़ा बल: बुद्धिबल – शेर व खरगोश की पंचतंत्र कहानी!

Sabse Bada Bal Buddhi Bal Panchtantra Kahani in Hindi

यस्य बुद्धिर्बलं तस्य निर्बुद्धेस्तु कुतो बलम्।

बली वही है, जिसके पास बुद्धि-बल है।

एक जंगल में भासुरक नाम का शेर रहता था। बहुत बलशाली होने के कारण वह प्रतिदिन जंगल के मृग, खरगोश-हिरण-रीछ-चीता आदि पशुओं को मारा करता था।

एक दिन जंगल के सभी जानवरों ने मिलकर सभा की और निश्‍चय किया कि भासुरक शेर से प्रार्थना की जाएगी कि वह अपने भोजन के लिए प्रतिदिन एक पशु से अधिक की हत्या ना किया करे। इस निश्‍चय को शेर तक पहुंचाने के लिए पशुओं के प्रतिनिधि शेर से मिले।

उन्होंने शेर से निवेदन किया कि उसे रोज़ एक पशु बिना शिकार के लिए मिल जाया करेगा। इसलिए वह अनगिनत पशुओं का शिकार न किया करे। शेर यह बात मान गया। दोनों ने प्रतिज्ञा की कि वे अपने वचनों का पालन करेंगे।

उस दिन के बाद से वन के अन्‍य पशु वन में निर्भय घूमने लगे। उन्हें शेर का भय नहीं रहा। शेर को घर बैठे एक पशु मिलता रहा। शेर ने यह धमकी दे दी थी कि जिस दिन उसे कोई पशु नहीं मिलेगा, उस दिन वह फिर अपने शिकार पर निकल जाएगा और मनमाने पशुओं की हत्या कर देगा। इस डर से भी सब पशु यथाक्रम एक-एक पशु को शेर के पास भेजते रहे।

इसी क्रम से एक दिन खरगोश की बारी आ गई। खरगोश शेर की मांद की ओर चल पड़ा, किंतु मृत्यु के भय से उसके पैर नहीं उठते थे। मौत की घड़ियों को कुछ देर और टालने के लिए वह जंगल में इधर-उधर भटकता रहा। एक स्थान पर उसे एक कुआं दिखाई दिया। कुएं में झांककर देखा तो उसे अपनी परछाई दिखाई दी। उसे देखकर उसके मन में एक विचार उठा, क्यों न भासुरक को उसके वन में दूसरे शेर के नाम से उसकी परछाई दिखाकर इस कुएं में गिरा दिया जाए?

यही उपाय सोचता-सोचता वह भासुरक शेर के पास बहुत समय बाद पहुंचा। शेर उस समय तक भूखा-प्यासा होंठ चाटता बैठा था। उसके भोजन की घड़ियां बीत रही थी। वह सोच ही रहा था कि कुछ देर और कोई पशु न आया तो वह अपने शिकार पर चल पड़ेगा और पशुओं के खून से सारे जंगल को सींच देगा। इसी बीच वह खरगोश उसके पास पहुंच गया और प्रणाम करके बैठ गया।

खरगोश को देखकर शेर ने क्रोध से लाल-लाल आंखें करते हुए गरजकर कहा- नीच खरगोश! एक तो तू इतना छोटा है, और फिर इतनी देर लगाकर आया है। आज तुझे मारकर कल मैं जंगल के सारे पशुओं की जान ले लूंगा। वंशनाश कर दूंगा।

खरगोश ने विनय से सिर झुकाकर उत्तर दिया – स्वामी! आप व्‍यर्थ क्रोध करते हैं। इसमें न मेरा अपराध है, और न ही अन्य पशुओं का। कुछ भी फैसला करने से पहले देरी का कारण तो सुन लीजिए।

शेर- जो कुछ कहना है, जल्दी कह। मैं बहुत भूखा हूं, कहीं तेरे कुछ कहने से पहले ही तुझे अपनी दाढ़ों में ना चबा जाऊँ।

खरगोश- स्‍वामी! बात यह है कि सभी पशुओं ने आज सभा करके और यह सोचकर कि मैं बहुत छोटा हूं, मुझे तथा अन्य चार खरगोशों को आपके भोजन के लिए भेजा था। हम पांचों आपके पास आ रहे थे, कि मार्ग में कोई दूसरा शेर अपनी गुफा से निकलकर आया और बोला, अरे! किधर जा रहे हो तुम सब? अपने देवता का अंतिम स्मरण कर लो, मैं तुम्हें मारने आया हूं।

मैंने उससे कहा, हम सब अपने स्वामी भासुरक शेर के पास आहार के लिए जा रहे हैं। तब वह बोला, भासुरक कौन होता है? यह जंगल तो मेरा है। मैं ही तुम्हारा राजा हूं। तुम्हें जो बात कहनी हो, मुझसे कहो। भासुरक चोर है। तुममें से चार खरगोश यहीं रह जाएं। एक खरगोश भासुरक के पास जाकर उसे बुला लाए, मैं उससे स्वयं निपट लूंगा। हममें से जो शेर अधिक बली होगा, वही इस जंगल का राजा होगा। अब मैं किसी तरह उसे जान छुड़ाकर आपके पास आया हूं। इसीलिए मुझे देर हो गई। आगे स्वामी की जो इच्छा हो, करें।

यह सुनकर भासुरक बोला- ऐसा ही है तो, जल्दी से मुझे उस दूसरे शेर के पास ले चल। आज मैं उसका रक्‍त पीकर ही अपनी भूख मिटाऊँगा। इस जंगल में मैं किसी दूसरे का हस्तक्षेप पसन्‍द नहीं करूंगा।

खरगोश- स्वामी! यह तो सच है कि अपने स्वत्व के लिए युद्ध करना आप जैसे शूरवीरों का धर्म है, किंतु दूसरा शेर अपने दुर्ग में बैठा है। दुर्ग से बाहर आकर ही उसने हमारा रास्ता रोका था। दुर्ग में रहने वाले शत्रु पर विजय पाना बड़ा कठिन होता है। दुर्ग में बैठा शत्रु सौ शत्रुओं के बराबर माना जाता है। दुर्गहीन राजा दन्‍तहीन सांप और मदहीन हाथी की तरह कमजोर हो जाता है।

भासुरक- तेरी बात ठीक है, किंतु मैं उस दुर्गस्‍थ शेर को भी मार डालूंगा। शत्रु को जितना जल्दी हो, नष्ट कर देना चाहिए। मुझे अपने बल पर पूरा भरोसा है। शीघ्र ही उसका नाश न किया गया तो, वह बाद में असाध्य रोग की तरह प्रबल हो जाएगा।

खरगोश- यदि स्वामी का यही निर्णय है, तो आप मेरे साथ चलिए।

यह कहकर खरगोश भासुरक शेर को उसी कुएं के पास ले गया, जहां झुककर उसने अपनी परछाई देखी थी। वहां जाकर वह बोला- स्वामी! मैंने जो कहा था, वही हुआ। आपको दूर से ही देखकर वह अपने दुर्ग में घुस गया है। आप आइए, मैं आपको उसकी सूरत तो दिखा दूं।

भासुरक- जरूर उस नीच को देखकर मैं उसके दुर्ग में ही उससे लडूँगा।

खरगोश शेर को कुएं की मेड़ पर ले गया। भासुरक ने झुककर कुएं में अपनी परछाई देखी, तो समझा कि यही दूसरा शेर रहता है। वह जोर से गरजा। उसकी गरज के उत्तर में कुएं से दुगुनी गूंज पैदा हुई। उस गूंज को प्रतिपक्षी शेर की ललकार समझकर भासुरक उसी क्षण कुएं में कूद पड़ा और वहीं पानी में डूबकर प्राण दे दिए।

खरगोश ने अपनी बुद्धिमत्ता से शेर को हरा दिया। वहां से लौट कर वापस पशुओं की सभा में गया। उसकी चतुराई सुनकर और शेर की मौत का समाचार सुनकर सब जानवर खुशी से नाच उठे।

इसीलिए मैं कहता हूं कि ‘बलि वही है, जिसके पास बुद्धि का बल है।’

दमनक ने कहानी सुनाने के बाद करटक से कहा- तेरी सलाह हो तो मैं भी अपनी बुद्धि से उनमें फूट डलवा दूँ। अपनी प्रभुता बनाने का यही मार्ग है। मैत्री भेद किए बिना काम नहीं चलेगा।

करटक- मेरी भी यही राय है। तू उनमें भेद कराने का यत्न कर, ईश्वर करे तुझे सफलता मिले।

वहां से चलकर दमनक पिंगलक के पास गया। उस समय पिंगलक के पास संजीवक नहीं बैठा था। पिंगलक ने दमनक को बैठने का इशारा करते हुए कहा- कहो दमनक! बहुत दिन बाद दर्शन दिए!

दमनक- स्वामी! आपको अब हमसे कुछ प्रयोजन ही नहीं रहा तो आने का क्या लाभ? फिर भी आपके हित की बात कहने को आपके पास आ जाता हूं। हित की बात बिना पूछे ही कह देनी चाहिए।

पिंगलक- जो कहना हो, निर्भय होकर कहो। मैं अभय-वचन देता हूं।

दमनक – स्वामी! संजीवक आपका मित्र नहीं वैरी है। एक दिन उसने मुझे एकान्‍त में कहा था। पिंगलक का बल मैंने देख लिया। उसमें विशेष सार नहीं है। उसको मारकर मैं तुझे मंत्री बनाकर सब पशुओं पर राज्य करूंगा।

दमनक के मुख से उन वज्र की तरह कठोर शब्दों को सुनकर पिंगलक ऐसा चुप रह गया मानो मूर्छा आ गई हो। दमनक ने जब पिंगलक की यह अवस्था देखी तो सोचा, पिंगलक का संजीवक से प्रगाढ़ स्नेह है, संजीवक ने इसे वश में कर रखा है। जो राजा इस तरह मंत्री के वश में हो जाता है, वह नष्ट हो जाता है। यह सोचकर उसने पिंगलक के मन से संजीवक का जादू मिटाने का निश्चय और भी पक्का कर लिया।

पिंगलक अपने थोड़ा होश में आकर किसी तरह धैर्य धारण करते हुए कहा- दमनक, संजीवक तो हमारा बहुत ही विश्वासपात्र नौकर है। उसके मन में मेरे लिए बैर-भावना नहीं हो सकती।

दमनक- स्वामी! आज जो विश्वासपात्र है, वही कल विश्वास घातक बन जाता है। राज्य का लोभ किसी के भी मन को चंचल बना सकता है। इसमें अनहोनी की कोई बात नहीं।

पिंगलक- दमनक! फिर भी मेरे मन में संजीवक के लिए द्वेष-भावना नहीं उठती। अनेक दोष होने पर भी प्रियजनों को छोड़ा नहीं जाता। जो प्रिय है वह प्रिय ही रहता है।

दमनक- यही तो राज्य-संचालन के लिए बुरा है। जिसे भी आप स्नेह का पात्र बनाएंगे वही आपका प्रिय हो जाएगा। इसमें संजीवक की कोई विशेषता नहीं, विशेषता तो आपकी है। आपने उसे अपना प्रिय बना लिया तो वह बन गया, अन्यथा उसमें गुण ही कौन सा है?

आप यह समझते हैं कि उसका शरीर बहुत भारी है, और वह शत्रु-संहार में सहायक होगा, तो यह आपकी भूल है। वह तो घास-पात खाने वाला जीव है। आपके शत्रु तो सभी मांसाहारी हैं। अतः उसकी सहायता से शत्रु-नाश नहीं हो सकता। आज वह आपको धोखे से मार कर राज्य करना चाहता है। अच्छा है कि उसका षड्यंत्र पकने से पहले ही आप उसको मार दें।

पिंगलक- दमनक! जिसे हमने पहले गुणी मानकर अपनाया है, उसे राज्यसभा में आज निर्गुण कैसे कह सकते हैं? फिर तेरे कहने से ही तो मैंने उसे अभय-वचन दिया था। मेरा मन कहता है कि संजीवक मेरा मित्र है, मुझे उसके प्रति क्रोध नहीं है। यदि उसके मन में वैर आ गया है, तो भी मैं उसके प्रति वैर-भावना नहीं रखता। अपने हाथों लगाया विष-वृक्ष भी अपने हाथों नहीं काटा जाता।

दमनक – स्वामी! यह आपकी भावुकता है। राजधर्म इसका आदेश नहीं देता। वैर-बुद्धि रखने वाले को छमा करना राजनीति की दृष्टि से मूर्खता है। आपने उसकी मित्रता के वश में आकर सारा राजधर्म भुला दिया है। आपके राजधर्म से च्युत होने के कारण ही जंगल के अन्य पशु आपसे विरक्त हो गए हैं। सच तो यह है कि आपमें और संजीवक में मैत्री होना स्वभाविक ही नहीं है। आप मांसाहारी हैं, वह निरामिष भोजी। यदि आप उस घास-पात खाने वाले को अपना मित्र बनाएंगे तो अन्य पशु आपसे सहयोग करना बंद कर देंगे। यह भी आपके राज्य के लिए बुरा होगा। उसके संग से आप की प्रकृति में भी यह दुर्गुण आ जाएंगे जो शाकाहारी में होते हैं। शिकार से आपको अरुचि हो जाएगी। अपना सहवास अपनी प्रकृति के पशुओं से होना चाहिए। इसलिए साधु लोग नीच का संग छोड़ देते हैं। संगदोष से ही खटमल की तीव्र गति के कारण मंदविसर्पिणी जूं को मरना पड़ा था।

पिंगलक ने पूछा- यह कथा कैसे है?

दमनक ने कहा: सुनिए…

आगे पढ़ें :- कुसंग का फल

देखें सभी पंचतंत्र की प्रेरक कहानियां


Read Sabse Bada Bal – Buddhibal, Sher Aur Khargosh Ki Kahani in Hindi,  Motivational and Inspirational Stories in Hindi, Panchtantra Short Stories With Moral for Kids in Hindi, Panchtantra Ki Kahaniyan Bacchon Ke Liye

error: Content is protected !!