प्रथम तन्‍त्र :- मित्र भेद! Panchatantra Story in Hindi

Mitra Bhed Panchatantra Story in Hindi

महिलारोप्‍य नाम के नगर में वर्धमान नाम का एक वणिकपुत्र रहता था। उसने धर्मयुक्‍त रीति से व्‍यापार में पर्याप्‍त धन पैदा किया था। किन्‍तु उतने से उसे संतोष नहीं होता था, और भी अधिक धन कमाने की इच्‍छा थी। छह उपायों से ही धनोपार्जन किया जाता है- भिक्षा, राजसेवा, खेती, विद्या, सूद और व्‍यापार से। इनमें से व्‍यापार का साधन ही सर्वश्रेष्‍ठ है। व्‍यापार के भी अनेक प्रकार हैं। उनमें सबसे अच्‍छा यही है कि परदेश से उत्‍तम वस्‍तुओं का संग्रह करके स्‍वदेश में उन्‍हें बेचा जाए। यही सोचकर वर्धमान ने अपने नगर से बाहर जाने का संकल्‍प किया। मथुरा जाने वाले मार्ग के लिए उसने अपना रथ तैयार करवाया। रथ में दो सुंदर, सुदृढ़ बैल लगवाए। उनके नाम थे- संजीवक और नंदक।

वर्धमान का रथ जब यमुना किनारे पहुँचा तो संजीवक नाम का बैल नदी तट की दलदल में फँस गया। वहॉं से निकलने की चेष्‍टा में उसका एक पैर भी टूट गया। वर्धमान को यह देखकर बड़ा दु:ख हुआ। तीन रात उसने बैल के स्‍वसथ होने की प्रतीक्षा की। बाद में उसके सारथि ने कहा कि इस वन में अनेक हिंसक जन्‍तु रहते हैं। यहॉं उनसे बचाव का कोई उपाय नहीं है। संजीवक के अच्‍छा होने में बहुत दिन लग जाएंगे। इतने दिन यहां रहकर प्राणों का संकट नहीं उठाया जा सकता। इस बैल के लिए अपने जीवन को मृत्‍यु के मुख में क्‍यों डालते हैं?

तब वर्धमान ने संजीवक की रखवाली के लिए रक्षक रखकर आगे प्रस्‍थान किया। रक्षकों ने भी जब देखा कि जंगल अनेक शेर, बाघ, चीतों से भरा पड़ा है, तो वे भी दो-एक दिन बाद ही वहां से प्राण बचाकर भागे और वर्धमान के सामने यह झूठ बोल दिया- स्‍वामी! संजीवक तो मर गया हमने उसका दाह-संस्‍कार कर दिया। वर्धमा यह सुनकर बड़ा दु:खी हुआ, किन्‍तु अब कोई उपाय न था।
इधर, संजीवक यमुना-तट की शीतल वायु के सेवन से कुछ स्‍वस्‍थ हो गया। नदी के किनारे की दूब का अग्रभाग पशुओं के लिए बहुत बलदायी होता है। उसे निरन्‍तर खाने के बाद वह खूब मॉसल और हृष्‍ट-पुष्‍ट हो गया। दिन-भर नदी के किनारों को सींगों से पाटना और मदमत्त होकर गरजते हुए किनारों की झाडि़यों मे सींग उलणकर खेलना ही उसका काम था।

एक दिन उसी यमुना-तट पर पिंगलक नाम का शेर पानी पीने आया। वहॉं उसने दूर से ही संजीवक की गंभीर हुंकार सुनी। उसे सुनकर वह भयभीत-सा हो सिमटकर झाडि़यों में जा छिपा।

शेर के साथ दो गीदड़ भी थे, करटक और दमनक। ये दोनों सदा शेर के पीछे-पीछे रहते थे। उन्‍होंने जब अपने स्‍वामी को भयभीत देखा तो आश्‍चर्य में डूब गए। वन के स्‍वामी का इस तरह भयातुर होना सचमुच बड़े अचम्‍भे की बात थी। आज तक पिंगलक कभी इस तरह भयभीत नहीं हुआ था। दमनक ने अपने साथी गीदड़ को कहा- करटक! हमारा स्‍वामी वन का राजा है। सब पशु उससे डरते हैं। आज वही इस तरह सिमटकर डरा-सा बैठा है। प्‍यासा होकर भी वह पानी के लिए यमुना-तट तक जाकर लौट आया, इस डर का कारण क्‍या है?

करटक ने उत्‍तर दिया- दमनक! कारण कुछ भी हो, हमें क्‍या? दूसरों के काम में हस्‍तक्षेप करना ठीक नहीं। जो ऐसा करता है वह उसी बंदर की तरह तड़प-तड़पकर मरता है, जिसने दूसरों के काम में कोतूहलवश व्‍यर्थ ही हस्‍तक्षेप किया था।

दमनक ने पूछा- यह क्‍या बात कही तुमने?

करटक ने कहा सुनो… आगे पढ़े :- अनधिकार चेष्‍टा! – शरारती बंदर की कहानी

देखें सभी पंचतंत्र की प्रेरक कहानियां


Read Panchatantra Stories in Hindi with Moral, Motivational and Inspirational Panchatantra Story in Hindi for Kids, panchtantra ki kahaniyan bacchon ke liye

error: Content is protected !!