Shri Satyanarayan Bhagwan Vrat Katha Puja Vidhi Aur Pujan Samagri in Hindi
Shri Satyanarayan Bhagwan Vrat Katha Puja Vidhi Aur Pujan Samagri in Hindi

श्री सत्‍यनारायण व्रत की पूजन सामाग्री :-

केले के खंम्‍बे (कदलीस्‍तम्‍भ), कलश, चावल, धूप, पुष्‍पों की माला, पान के पत्ते, तुलसी, दीप, नैवेद्य, गुलाब के फूल, वस्‍त्र, आम के पत्तों की बंधनवार, पाँच रतन, कपूर, रोली, फल, स्‍वर्ण प्रतिमा, जल, पंचअमृत- शकर, दही, घी, शहद और तुलसी। प्रसाद के लिए:- आटा, शुद्ध घी और शक्कर से बना।

श्री सत्‍यनारायण व्रत करने की विधि:-

व्रत करने वाले पूर्णिमा, संक्रान्ति या एकादशी के दिन सांयकाल स्‍नान आदि से निवृत होकर, पूजा स्‍थान में आसन पर बैठकर श्री गणेश, गौरी, वरूण, विष्‍णु आदि सब देवताओं का ध्‍यान करके पूजन करें और संकल्प करें कि मैं श्री सत्‍यनारायण स्‍वामी का पूजन व कथा श्रवण सदैव करूंगा। पुष्‍प हाथ में लेकर श्री सत्‍यनारायण का ध्‍यान करें। यज्ञोपवीत पुष्‍प, नैवेद्य आदि से युक्‍त होकर स्‍तुति करें। हे भगवान्, मैंने श्रद्धा पूर्वक फल, जल आदि सब सामाग्री आपके अर्पण की है, इसे स्‍वीकार कीजिए। मेरा आपको बारम्‍बार नमस्‍कार है इसके बाद श्री सत्‍यनारायण की कथा पढ़ें अथवा श्रवण करें।

।। श्री सत्‍यनारायण भगवान् की कथा ।।

।। पहला आध्‍याय ।।

एक समय नैमिषाराण्‍य तीर्थ में शोनकादि अट्ठासी हजार ऋषियों ने श्रीसूत जी से पूछा- ”हे प्रभु! इस कलियुग में वेद-विद्या रहित मनुष्‍यों को प्रभु भक्ति किस प्रकार मिलेगी तथा उनका उद्धार कैसे होगा? हे मुनि श्रेष्‍ठ! कोई ऐसा तप कहिए जिस में थोड़े समय में पुण्‍य प्राप्‍त हो तथा मनवांछित फल भी मिले, वह कथा सुनने की हमारी प्रबल इच्‍छा है।”

सर्वशास्‍त्र ज्ञाता श्रीसूत जी बोले- ”हे बैष्‍णवों में पूज्‍य! आप सब ने प्राणियों के हित की बात पूछी है। अब मैं उस श्रेष्‍ठ व्रत को आप लोगों से कहूंगा जिस व्रत को नारद जी ने श्री लक्ष्‍मीनारायण भगवान् पे पूछा था श्री लक्ष्‍मीपति ने मुनि श्रेष्‍ठ नारद जी से कहा था। यह कथा ध्‍यान से सुनो –

एक समय, योगीराज नारद जी दूसरों के हित की इच्‍छा से, अनेक लोकों में घूमते हुए मृत्‍युलोक में आ पहुँचे। वहाँ बहुत योनियों में जनमें हुए मनुष्‍यों को अपने कर्मो के द्वारा अनेक दु:खों से पीडि़त देखकर, किस यत्‍न को करने से निश्‍चय ही इनके दु:खों का अन्‍त हो सकेगा, ऐसा मन में सोचकर इन्‍द्र लोक को गए। वहाँ श्‍वेत वर्ण और चार भुजाओ वाले देवो के ईश: नारायण को (जिनके हाथों में शंकख, चक्र, गदा और पदम् थे तथा वरमाला पहने हुए थे) देखकर स्‍तुति करने लगे।

”हे भगवान्! आप अत्‍यन्‍त शक्ति से सम्‍पन्‍न है। मन तथा वाणी भी आपको नही पा सकती। आपका आदि मध्‍य अन्‍त नहीं है। निर्गुण स्‍वरूप सृष्टि के कारण भक्‍तों के दु:खों को नष्‍ट करने वाले हो। आपको मेरा नमस्‍कार है।”

”हे मुनि! श्रेष्‍ठ आपके मन में क्‍या है? आपका किस काम के लिए आगमन हुआ है? नि:संकोच कहो।”

तब नारद मुनि बोले- ”मृत्‍युलोक में सब मनुष्‍य जो अनेक योनियों में पैदा हुए है, अपने-अपने कर्मों के द्वारा अनेक दु:खों से दुखी हो रहे हैं। हे नाथ मुझ पर दया रखते हो तो बताइये कि उन मनुष्‍यों के सब दु:ख थोड़े से ही प्रयत्‍न से कैसे दूर हो सकते है।” श्री भगवान् जी बोले- हे नारद! मनुष्‍यों की भलाई के लिए तुमने बहुत अच्‍छी बात पूछी है। जिस काम के करने से मनुष्‍य मोह से छूट जाता है। बहुत पुण्‍य देने वाला स्‍वर्ग तथा मृत्‍युलोक दोनों में दुर्लभ यह उत्तम व्रत अच्‍छी तरह विधानपूर्वक सम्‍पन्‍न करके मनुष्‍य मोह से छूट जाता है वह मैं कहता हूँ। सुनो- बहुत पुण्‍य देने वाला स्‍वर्ग तथा मृत्‍युलोक दोनों में दुर्लभ यह उत्तम व्रत है। आज मैं प्रेमवश होकर तुमसे कहता हूँ। श्री सत्‍यनारायण भगवान् का यह व्रत अच्‍दी तरह विधानपूर्वक सम्‍पन्‍न करके मनुष्‍य तुरन्‍त ही यहाँ सुख भोगकर मरने पर मोक्ष को प्राप्‍त होता है। श्री भगवान् के वचन सुनकर नारद मुनि बोले कि उस व्रत का फल क्‍या है? क्‍या विधान है? किसने यह व्रत किया है और किस दिन यह व्रत करना चाहिए? हे भगवान् मुझसे विस्‍तार से कहा। भगवान् बोले- दु:ख शोक आदि को दूर करने वाला, यह व्रत सब स्‍थानों पर विजयी करने वाला है। भक्ति और श्रद्धा के साथ किसी भी दिन मनुष्‍य श्री सत्‍यनारायण की शाके के समय ब्राहृाणों और बन्‍धुओं के साथ धर्म परायण होकर पूजा करें। भक्तिभाव से नैवेद्य, केले का फल, घी, दूध और गेंहू का चूर्ण सवाया लेवे। गेहूं के अभाव में साठी का चूर्ण, शक्कर अथवा गुड़ लें तथा भक्ति-भाव से भगवान् का स्‍मरण करते हुये समय व्‍यतीत करें। इस तरह व्रत करने पर मनुष्‍यों की इच्‍छा निश्‍चय पूरी होती है। विशेषकर कलि-काल में मृत्‍युलोक पर यही मोक्ष का सरल उपाय है।

।। इति श्री सत्‍यनारायण व्रत कथा का प्रथम अध्‍याय सम्‍पूर्ण ।।


।। दूसरा आध्‍याय ।।

सूतजी बोले- हे ऋषियों! जिसने पहले समय में इस व्रत को किया है उसका इतिहास कहता हूँ ध्‍यान से सुनो। सुन्‍दर काशी पुरी नगरी में एक अत्‍यन्‍त निर्धन ब्राहृाण रहता था। वह भूख और प्‍यास से बेचैन हुआ पृथ्‍वी पर घुमता था। ब्राहृाणों से प्रेम करने वाले श्री भगवान् ने ब्राहृाण को दु:खी देखकर बूढ़े ब्राहृाण का रूप धारण कर उसके पास जा आदर के साथ पूछा- हे विप्र! तुम नित्‍य ही दु:खी होकर पृथ्‍वी पर क्‍यों घुमते हो? हे श्रेष्‍ठ ब्राहृाण यह सब मुझसे कहो, मै सुनना चाहता हूँ। ब्राहृाण बोला- मैं निर्धन ब्राहृाण हूँ, भिक्षा के लिये पृथ्‍वी पर फिरता हूँ हे भगवान! यदि आप इससे छुटकारे का उपाय जानते हो तो कृपा कर कहो वृद्ध ब्राहृाण बोला कि श्री सत्‍यनारायण भगवान् मनवांछित फल देने वाले है। इसलिए हे ब्राहृाण तू उनका पूजन कर जिसके करने से मनुष्‍य सब दु:खों से मुक्‍त होता है।

ब्राहृाण को व्रत का सारा विधान बतलाकर बूढ़े ब्राहृाण का रूप धारण करने वाले श्री सत्‍यनारायण भगवान अन्‍तर्धान हो गए। जिस व्रत को वृद्ध ब्राहृाण ने बतलाया है, मैं उसको करूंगा, यह निश्‍चय करने पर उस वृद्ध ब्राहृाण को रात में नींद नहीं आई। वह सवेरे उठकर श्री सत्‍यनारायण भगवान के व्रत का निश्‍चय कर भिक्षा के लिये चल दिया। उस दिन उसको भिक्षा में बहुत धन मिला जिससे बन्‍धु-बांधवों के साथ उसने श्री सत्‍यनारायण का व्रत किया। इसके करने वे विप्र सब दुखों से छुटकर अनेक प्रकार की सम्‍पत्तियों से युक्‍त हुआ। उस समय से वह विप्र हर मास व्रत करने लगा। इस तरह सत्‍यनारायण भगवान् के व्रत को जो करेगा। वह सब पापों से छुटकर मोक्ष को प्राप्‍त होगा। आगे भी जो मनुष्‍य पृथ्‍वी पर श्री सत्‍यनारायणजी का व्रत करेगा वह सब दु:खों से छूट जाएगा। इस तरह नारदजी से सत्‍यनारायण भगवान् का कहा हुआ व्रत मैंने आपसे कहा। तब ऋषियों ने कहा- ”हे मुनीश्‍वर! संसार में इस विप्र से सुनकर किस-किस ने इस व्रत को किया हम सब सुनना चाहते हें। इसके लिए हमारे मन में श्रद्धा है। सूतजी बोले- हे मुनियों! जिस-जिस ने इस व्रत को किया वो सब सुनो।

एक समय यह वृद्ध ब्राहृाण धन और एश्‍वर्य के अनुसार बन्‍धु-बान्‍धवों के साथ व्रत करने को तैयार हुआ। उसी समय एक लकड़ी बेचने वाला बूढ़ा आदमी आया और बाहर लकडि़यों को रखकर विप्र के मकान में गया। प्‍यास से दु:खी होकर लकड़हारा उनको व्रत करते देखकर विप्र को नमस्‍कार कर कहने लगा कि आप यह किसका पूजन कर रहे हैं और इस व्रत को करने से क्‍या फल मिलता है? कृपा करके मुझसे कहो।

ब्राहृाण ने कहा- सब मनोकामनाओं को पूरा करने वाला यह श्री सत्‍यनारायण भगवान् का व्रत है, इनकी ही कृपा से मेरे यहां धन-धान्‍य आदि की वृद्धि हुई है, विप्र से इस बारे में जानकर लकड़हारा बहुत प्रसन्‍न हुआ। भगवान् का चरणामृत ले और भोजन करने के बाद अपने घर को गया।

लकड़हारे ने अपने मन में इस प्रकार का संकल्‍प किया कि आज ग्राम में लकड़ी बेचने से जो धन मिलेगा उसी से सत्‍यनारायण देव का उत्तम व्रत करूँगा। यह मन में विचार कर वह बूढ़ा आदमी लकडि़यां अपने सिर पर रखकर जिस नगर में धनवान लोग रहते थे, वह ऐसे सुन्‍दर नगर में गया। उस रोज वहां पर उसे उन लकडि़यों का दाम पहले दिनों से चौगना मिला। उस रोज वहां पर उसे उन लकडि़यों का दाम ले और प्रसन्‍न होकर पके केले की फली, शक्कर, घी, दुग्‍ध, दही और गेहूं का चूरन इत्‍यादि श्री सत्‍यनारायण भगवान् के व्रत की कुल सामक्रियों को लेकर अपने घर गया। फिर उसने अपने भाईयों को बुलाकर विधि के साथ भगवान् जी का पूजन और व्रत किया। उस व्रत के प्रभाव से वह बूढा लकड़हारा धन, पुत्र आदि से युक्‍त हुआ और संसार के समस्‍त सुख भोगकर बैकुण्‍ठ को चला गया।

।। इति श्री सत्‍यनारायण व्रत कथा का दूसरा अध्‍याय सम्‍पूर्ण ।।


।। तृतीय अध्‍याय ।।

श्री सूतजी बोले, हे ऋषि-मुनियों! अब मैं आपको आगे की कथा सुनाता हूँ। प्राचीन समय में कनकपुर में उल्‍कामुख नामक एक बुद्धिमान् तथा सत्‍यवादी राजा राज करता था। वह प्रतिदिन मंदिर में जाकर श्री सत्‍यनारायण भगवान् की पूजा करता था और निर्धनों को खूब अन्न, वस्‍त्र और दान करता था। उसकी पत्नी सुभद्रा बहुत सुशील थी। वे दोनों हर महीने श्री सत्‍यनारायण भगवान् का व्रत करते थे। श्री सत्‍यनारायण की अनुकम्‍पा से उनके महल में धन-सम्‍पत्ति के भण्‍डार भरे थे। उनकी सारी प्रजा बहुत आनंद से जीवन-यापन कर रही थी। एक बार राजा और रानी बहुत से लोगों के साथ जब भद्रशीला नदी के किनारे श्री सत्‍यनारायण भगवान् की पूजा कर रहे थे, तो नदी के किनारे एक बड़ी नौका आकर ठहरी। उस नाव में एक धनी व्‍यापारी यात्रा कर रहा था। वह बहुत सा धन कमाकर अपने नगर को लौट रहा था। उसका सारा धन उस नाव में रखा हुआ था।

नाव से उतरकर व्‍यापारी राजा के समीप पहुंचा। राजा को पूजा करते देख उसने कहा, ‘हे राजन्! आप इन सब लोगों के साथ मिलकर किसकी पूजा कर रहे हैं? इस पूजा के करने से मनुष्‍य को क्‍या लाभ होता है?’ राजा ने व्‍यापारी से कहा, ‘हम हर पूर्णिमा को सत्‍यनारायण भगवान् का व्रत करते हैं और फिर पूजा-अर्चना के बाद भगवान् का प्रसाद लोगों को बांटकर स्‍वयं भी प्रसाद ग्रहण करते हैं। सत्‍यनारायण भगवान् की पूजा से निसंतान को संतान प्राप्‍त होती है। दुखियों के दु:ख दूर होते हैं। राजा की बात सुनकर व्‍यापारी ने कहा, ‘हे राजन्! मैं भी सत्‍यनारायण भगवान् का व्रत करना चाहता हूँ। कृपया मुझे इस व्रत को करने की विधि बतलाएं।’ राजा ने व्‍यापारी को सत्‍यनारायण व्रत की पूरी विधि बताई। राजा ने व्रतकथा सुनने के बाद व्‍यापारी को भी प्रसाद दिया। श्री सत्‍यनारायण भगवान् का स्‍मरण करते हुए व्‍यापारी ने प्रसाद ग्रहण किया और वापस लौटकर अपनी पत्‍नी लीलावती से कहा, ‘हमारी कोई संतान नहीं है। कनकपुर के राजा उल्‍कामुख ने मुझे बताया है कि श्री सत्‍यनारायण भगवान् का व्रत करने और उनकी कथा सुनने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। यदि सत्‍यनारायण भगवान् की अनुकम्‍पा से हमारे कोई संतान हुई तो मैं श्री सत्‍यनारायण भगवान् का व्रत अवश्‍य करूंगा।’ व्‍यापारी के ऐसा निश्‍चय करने के कुछ समय बाद लीलावती गर्भवती हुई। दसवें महीने में उसने एक सुंदर कन्‍या को जन्‍म दिया। व्‍यापारी ने पुत्री जन्‍म पर बहुत खुशियां मनाई, लेकिन सत्‍यनारायण भगवान् का व्रत नहीं किया। जब उसकी पत्‍नी लीलावती ने अपने पति से श्री सत्‍यनारायण भगवान् का व्रत करने के लिए कहा तो वह बोला, ‘अभी क्‍या जल्‍दी है। मैं इधर व्‍यापार में बहुत व्‍यस्‍त हूँ। मुझे अभी फुर्सत नहीं है। जब अपनी बेटी बड़ी हो जाएगी और इसका विवाह करूंगा तो मैं अवश्‍य श्री सत्‍यनारायण भगवान् का व्रत करूंगा।’ अपने पति के वचन सुनकर लीलावती चुप रह गई। व्‍यापारी की कन्‍या कलावती शुक्‍लपक्ष के चंद्रमा की तरह तेजी से बड़ी होने लगी। पलक झपकते ही 16 बर्ष बीत गए। एक दिन व्‍यापार में बहुत सा धन कमाकर घर लौटे व्‍यापारी ने अपनी बेटी को सहेलियों के साथ उपवन में घूमते देखा तो उसे उसके विवाह की चिन्‍ता होने लगी। व्‍यापारी ने कलावती के लिए सुयोग्‍य वर ढूंढ़ने के लिए अपने सेवकों को दूर-दूर के नगरों में भेजा। व्‍यापारी के सेवक कंचनपुर नगर में पहुंचे। उस नगर में उन्‍होंने एक वणिक-पुत्र को देखा। वणिक का बेटा अत्‍यंत सुंदर और गुणवान् था। सेवकों ने वापस लौटकर व्‍यापारी को उस वणिक के बेटे के बारे में बताया। व्‍यापारी उस सुंदर लड़के को देखकर बहुत प्रसन्‍न हुआ और कलावती का विवाह बहुत धूमधाम से उसके साथ कर दिया। दहेज में उसने वणिक-पुत्र को बहुत सा धन दिया। कलावती का विवाह भी हो गया, लेकिन व्‍यापारी ने श्री सत्‍यनारायण का व्रत नहीं किया। लीलावती ने अपने पति से कहा, ‘नाथ! आपने कलावती के विवाह पर श्री सत्‍यनारायण भगवान् का व्रत करने का निश्‍चय किया था। अब तो आपको व्रत कर लेना चाहिए।’ पत्‍नी की बात सुनकर व्‍यापारी ने कहा, ‘अभी तो मैं अपने दामाद के साथ व्‍यापार के लिए जा रहा हूँ। व्‍यापार से लौटने पर श्री सत्‍यनारायण भगवान् का व्रत-पूजा अवश्‍य करूंगा।’ यह कहकर व्‍यापारी ने कई नावों में सामान भरा और अपने दामाद तथा सेवकों के साथ व्‍यापार के लिए निकल पड़ा। उस व्‍यापारी द्वारा बार-बार व्रत का निश्‍चय करने और फिर व्रत न करने से सत्‍यनारायण भगवान् क्रोधित हो गए और व्‍यापारी को दण्‍ड देने का निश्‍चय किया।

व्‍यापारी अपने दामाद के साथ रत्‍नासारपुर में पहुंचकर व्‍यापार करने लगा। एक दिन कुछ चोर महल में चोरी करके भाग रहे थे। सैनिक उनका पीछा कर रहे थे। भागते हुए चोरों ने सैनिकों से बचने के लिए चोरी का धन अवसर पाकर व्‍यापारी की नावों में छिपा दिया। खाली हाथ चोर आराम से भाग गए। चोरों का पीछा करते हुए सैनिक व्‍यापारी के पास पहुंचे। उन्‍होंने व्‍यापारी की नावों की तलाशी ली तो उन्‍हें राजा का चोरी गया धन मिल गया। तब सैनिक व्‍यापारी और उसके दामाद को बंदी बनाकर राजा के पास ले गए। राजा ने उन दोनों को बंदीगृह में डाल दिया और उनका सारा धन ले लिया। श्री सत्‍यनारायण के प्रकोप से उधर लीलावती पर भी मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। उसके घर में चोरी हो गई और चोर सारा धन चुराकर ले गए। घर में खाने के लिए भी अन्‍न नहीं बचा। भूख-प्‍यास से व्‍याकुल होकर व्‍यापारी की बेटी कलावती एक ब्राहृाण के घर गई। उस ब्राहृाण के घर में श्री सत्‍यनारायण भगवान् की व्रतकथा हो रही थी। उसने भी वहां बैठकर व्रतकथा सुनी और प्रसाद लिया। घर लौटकर कलावती ने अपनी मां लीलावती को सारी बात बताई। कलावती से श्री सत्‍यनारायण भगवान् की व्रतकथा की बात सुनकर लीलावती ने भी व्रत करने का निश्‍चय किया। अगले दिन लीलावती ने अपने परिवार और आसपास के लोगों के साथ श्री सत्‍यनारायण भगवान् की पूजा की। पूजा के बाद सबको प्रसाद बांटकर स्‍वयं भी प्रसाद ग्रहण किया। लीलावती ने अपने पति और दामाद के घर लौट आने की मनोकामना से श्री सत्‍यनारायण भगवान् का व्रत किया था। लीलावती के विधिपूर्वक व्रत करने और प्रसाद ग्रहण करने से श्री सत्‍यनारायण भगवान् ने प्रसन्‍न होकर उसकी मनोकामना पूरी की। उन्‍होंने राजा चंदकेतु को स्‍वप्‍न में दर्शन देकर कहा, ‘हे राजन्! व्‍यापारी और उसका दामाद बिल्‍कुल निर्दोष हैं। सुबह उठते ही दोनों को मुक्‍त कर दो। उन दोनों का सारा धन भी वापस लौटा दो। यदि तुमने ऐसा नहीं किया तो मैं तुम्‍हारा सारा वैभव नष्‍ट कर दूंगा। इतना कहकर श्री सत्‍यनारायण भगवान् अंतर्धान हो गए। प्रात: होते ही राजा चंदकेतु ने अपने मंत्रियों और राजज्‍योतिषी को रात के स्‍वप्‍न की बात बताई तो सबने व्‍यापारी और उसके दामाद को छोड़ देने के लिए कहा। राजा चंद्रकेतु ने तुरन्‍त उस व्‍यापासरी और उसके दामाद को छोड़ दिया। उनका सारा धन भी वापस कर दिया। इस प्रकार श्री सत्‍यनारायण भगवान् की अनुकम्‍पा से व्‍यापारी और उसका दामाद दोनों खुशी-खुशी अपने नगर की ओर चल दिये।

।। इति श्री सत्‍यनारायण व्रत कथा का तृतीय अध्‍याय सम्‍पूर्ण ।।


।। चतुर्थ अध्‍याय ।।

श्री सूतजी बोले, ‘उस व्‍यापारी ने अपने दामाद के साथ शुभ मुहूर्थ में नावों द्वारा रत्‍नसारपुर से प्रस्‍थान किया। लंबी यात्रा करने के बाद व्‍यापारी ने एक नगर के किनारे नावों को रोककर भोजन किया और फिर दोनों विश्राम करने लगे। तभी श्री सत्‍यनारायण भगवान् साधु के रूप में व्‍यापारी के पास पहुंचे और पूछा, ‘हे वणिक! तेरी नावों में क्‍या सामान लदा हुआ है? व्‍यापारी ने मन-ही-मन सोचा, दण्‍डी साधु अवश्‍य ही कुछ मांगने की इच्‍छा से सामान के बारे में पूछ रहा है। यह सोचकर व्‍यापारी ने झूठ बोला, ‘हे दण्‍डी स्‍वामी! मेरी नावों में तो बेल और पत्र (पत्‍ते) भरे हुए हैं।’ व्‍यापारी के झूठे वचन सुनकर सत्‍यनारायण भगवान् ने क्रोधित होते हुए कहा, ‘हे वैश्‍य! जो तुमने कहा है, वही सत्‍य होगा।’ इतना कहकर सत्‍यनारायण भगवान् कुछ दूर जाकर अंतर्धान हो गए। उधर व्‍यापारी दण्‍डी साधु को वहां से खाली हाथ लौटाकर बहुत प्रसन्‍न हुआ। लेकिन जब व्‍यापारी ने अपनी नावों में बेल और पत्र (पत्ते) भरे हुए देखे तो वह जोर-जोर से विलाप करने लगा और मन-ही-मन अपने झूठ बोलने पर प्रायश्चित करने लगा। रोते-रोते व्‍यापारी मूर्च्छित हो गया। कुछ देर बाद जब उसकी मूर्च्‍छा नष्‍ट हुई तो वह फिर विलाप करने लगा। तब उसके दामाद ने कहा, ‘आप इतना दुखी मत होइए। यह सब उस दण्‍डी साधु के शाप के कारण हुआ है। अत: वही दण्‍डी महाराज हमें इस विपत्ति से छुटकारा दिल सकते हैं। दामाद के वचन सुनकर व्‍यापारी दण्‍डी साधु की तलाश में चल दिया कुछ देर ढूंढने पर उसे एक वृक्ष के नीचे दण्‍डी साधु के रूप में सत्‍यनारायण भगवान् मिल गए। व्‍यापारी ने दण्‍डी साधु के चरणों में गिरकर झूठ बोलने की क्षमा मांगी। दण्‍डी स्‍वरूप सत्‍यनारायण भगवान् बोले, ‘हे वणिक-पुत्र! तेरे बार-बार झूठ बोलने के कारण ही मैंने दुझे इतना दण्‍ड दिया है। तूने बार-बार सत्‍यनारायण भगवान् अर्थात् मेरी पूजा करने के लिए कहा, लेकिन कभी पूजा की नहीं।’ व्‍यापारी ने तब हाथ जोड़कर कहा, ‘हे भगवन्! आप तो दीन-दुखियों के कष्‍ट दूर करनेवाले हैं। सबकी मनोकामनाएं पूरी करते हैं। मेरी इस गलती को भी क्षमा करें। आपके रूप को तो ब्राहृा भी नहीं जान पाते। फिर भला मैं अज्ञानी कैसे आपकी लीला को समझ पाता। अब मैं जीवन में कभी झूठ नहीं बोलूंगा। सदैव श्री सत्‍यनारायण भगवान् का व्रत और पूजा किया करूंगा। आप मुझ पर अनुकम्‍पा करें।’ व्‍यापारी की क्षमा-याचना सुनकर दण्‍डी साधु ने उसे क्षमा कर दिया। उसी समय व्‍यापारी की नावों में भरे हुए बेल और पत्ते धन-धान्‍य में परिवर्तित हो गए। व्‍यापारी ने अपने सेवकों के साथ अगले दिन श्री सत्‍यनारायण भगवान् का व्रत करके उनकी पूजा की। सबको प्रसाद वितरित करके स्‍वयं भी प्रसाद ग्रहण किया। उसके बाद व्‍यापारी ने अपने नगर की ओर प्रस्‍थान किया।

अपने नगर में पहुंचकर व्‍यापारी ने एक सेवक को अपने घर भेजा। सेवक ने उसके घर पहुंचकर लीलावती को सूचित किया। उस समय लीलावती और कलावती दोनों श्री सत्‍यनारायण भगवान् की पूजा कर रही थी। पति और दामाद के लौट आने का समाचार सुनकर लीलावती ने पूजा पूरी करके प्रसाद ग्रहण करने के बाद कलावती से कहा, ‘बेटी! मैं नदी किनारे जा रही हूँ। तू घर का काम पूरा करके आ जाना।’ कहकर लीलावती नदी की ओर चल पड़ी। परन्‍तु कलावती पति से मिलने की शुखी में प्रसाद ग्रहण किए बिना ही घर से निकलकर नदी किनारे जा पहुंची। उसके प्रसाद ग्रहण न करने के कारण सत्‍यनारायण भगवान् क्रोधित हो उठे। उन्‍होंने व्‍यापारी की नावों को नदी में डुबो दिया। अपने पति को वहां न देख कलावती ने जोर-जोर से रोना शुरू कर दिया। तब व्‍यापारी ने कहा, ‘पुत्री! अवश्‍य ही तुझसे कोई भूल हुई है। उस भूल के कारण श्री सत्‍यनारायण भगवान् ने तुझे यह दण्‍ड दिया है।’ तब व्‍यापारी ने सत्‍यनारायण भगवान से प्रार्थना की, ‘हे भगवन्! मेरे परिवार के किसी स्‍त्री-पुरुष से कोई भूल हुई हो तो उसे अवश्‍य क्षमा कर देना।’ तभी आकाशवाणी हुई, ‘हे वणिक-पुत्र! तेरी कन्‍या मेरा प्रसाद ग्रहण किए बिना ही चली आई है। यदि अब घर पहुंचकर तेरी कन्‍या प्रसाद ग्रहण करके वापस आए तो उसे पति के दर्शन होंगे और डूबी हुई नावें भी जल के ऊपर आ सकेंगी।’ कलावती ने वैसा ही किया। उसके प्रसाद ग्रहण करके पावस लौटने पर नावें जल के ऊपर आ गई। दामाद भी सुरक्षित नदी से निकल आया। घर लौटकर व्‍यापारी ने अपने परिवार और बंधु-बांधवों के साथ मिलकर विधिनुसार श्री सत्‍यनारायण भगवान् की पूजा की। उसकी सभी मंगलकामनाएं पूरी हुई और वह आनंदपूर्वक जीवन-यापन करता हुआ विष्‍णुलोक को चला गया।

।। इति श्री सत्‍यनारायण व्रत कथा का चर्तुर्थ अध्‍याय सम्‍पूर्ण ।।


।। पंचम अध्‍याय ।।

श्री सूतजी बोले, ‘हे ऋषि-मुनियों! मैं और भी कथा सुनाता हूँ। कौशलपुर में एक राजा था- तुंगध्‍वज। उसकी प्रजा उसकी छत्रछाया में आनंदपूर्वक रह रही थी। राजा तुंगध्‍वज अपनी प्रजा के सुख-दु:ख का बहुत ध्‍यान रखता था। लेकिन एक बार उसने भी सत्‍यनारायण भगवान् का प्रसाद ग्रहण नहीं किया। तब सभी को चिन्‍ताओं से मुक्‍त करके, धन-सम्‍पत्ति से भण्‍डार भरकर प्राणियों को जीवन के सभी सुख देनेवाले श्री सत्‍यनारायण भगवान् ने राजा को प्रसाद ग्रहण न करने का दण्‍ड दिया।

एक दिन राजा तुंगध्‍वज जंगल में हिंसक पशुओं का शिकार करने निकला था। तेजी से घोड़ा दौड़ाकर शिकार का पीछा करते हुए वह अपने सैनिकों से अलग हो गया और देर तक हिंसक जानवरों का शिकार किया। अत: कुछ देर विश्राम करने की इच्‍छा से वह एक बड़े वृक्ष के नीचे जाकर बैइ गया। समीप ही कुछ चरवाहे श्री सत्‍यनारायण भगवान् की पूजा कर रहे थे। राजा ने उनके पास से गुजरते हुए सत्‍यनारायण भगवान् को नमस्‍कार नहीं किया। चरवाहों ने राजा को पूजा के बाद दिया, तो राजा ने उन्‍हें छोटे लोग समझकर प्रसाद ग्रहण नहीं किया और घोड़े पर सवार हो अपने नगर को ओर चल दिया। राजा जब नगर में पहुंचा तो देखा कि उसका सारा वैभव तथा धन-सम्‍पत्ति आदि नष्‍ट हो गया है। श्री सत्‍यनारायण के प्रकोप से राजा निर्धन हो गया। तब राजज्‍योतिषी ने राजा से कहा, ‘महाराज! आपसे अवश्‍य ही कोई भूल हुई है। अगर आप उस भूल का प्रायश्चित कर लें तो सब कुछ पहले जैसा हो जाएगा।’ राजा को तुरन्‍त अपनी भूल का स्‍मरण हो आया। अत: मंदिर में जाकर राजा ने श्री सत्‍यनारायण भगवान् से क्षमा मांगी और उनकी पूजा की। पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करने से श्री सत्‍यनारायण भगवान् की अनुकम्‍पा से चमत्‍कार हुआ। राजा का खोया वैभव पुन: लौट आया। श्री सत्‍यनारायण भगवान की अनुकम्‍पा से जीवन के सभी सुखों का भोग करते हुए अंत में राजा तुंगध्‍वज वैकुण्‍ठ धाम को गया और मोक्ष को प्राप्‍त किया। श्री सत्‍यनारायण भगवान् के व्रत-पूजा को जो भी मनुष्‍य करता है, उसके सभी दु:ख, चिन्‍ताएं नष्‍ट होती हैं। उसके घर में धन-धान्‍य के भण्‍डार भरे रहते हैं। निस्‍संतानों को संतान की प्राप्ति होती है और सभी मनोकामनाओं को प्राप्‍त कर मनुष्‍य अंत में मोक्ष को प्राप्‍त कर सीधे वैकुण्‍ठ धाम को जाता है।

श्री सूतजीसूतजी ने कुछ पल रुककर कहा, ‘हे श्रेष्‍ठ मुनियों! श्री सत्‍यनारायण भगवान् के व्रत को पूर्व जन्‍म में जिन लोगों ने किया उन्‍हें दूसरे जन्‍म में भी सभी तरह के सुख प्राप्‍त हुए। वृद्ध शतानंद ब्राहाण ने पूर्वजन्‍म में सत्‍यनारायण का विधिवत् व्रत किया, तो दूसरे जन्‍म में सुदामा के रूप में भगवान् की पूजा करते हुए अंत में मोक्ष को प्राप्‍त कर वैकुण्‍ठ धाम को चला गया। उल्‍कामुख राजा अगले जन्‍म में राजा दशरथ के रूप में मोक्ष को प्राप्‍त करके वैकुण्‍ठ को गए। व्‍यापारी ने मोरध्‍वज के रूप में जन्‍म लिया और अपने पुत्र को आरे से चीरकर भगवान् की अनुकम्‍पा से वैकुण्‍ठ को प्राप्‍त किया। राजा तुंगध्‍वज अगले जन्‍म में मनु के रूप में जन्‍म लेकर भगवान् का पूजा-पाठ करते हुए, लोकप्रिय होकर सद्कर्म करते हुए मोक्ष को प्राप्‍त कर वैकुण्‍ठ धाम को चले गए। हे ऋषि-मुनियों! श्री सत्‍यनारायण भगवान् का व्रत और पूजा मनुष्‍य को सभी चिन्‍ताओं से मुक्‍त करके, धन-संपत्ति के भण्‍डार भरकर अंत में जन्‍म-जन्‍मान्‍तर के चक्रव्‍यूह से मुक्ति दिलाकर मोक्ष प्रदान करता है।

।। इति श्री सत्‍यनारायण व्रत कथा का पंचम अध्‍याय सम्‍पूर्ण ।।

इन्‍हें भी पढ़ें :-


English Keywords for Search: Shri Satyanarayan Bhagwan Vrat Katha Puja Vidhi Aur Pujan Samagri in Hindi

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *